: बिहार न्यूज़ टीम
पटना। सिटी के महंगूपुर में शुक्रवार को त्योहारी माहौल मातम में बदल गया। जानीपुर थाना क्षेत्र स्थित इलाके में सुबह प्रॉपर्टी डीलर हेमंत कुमार की उनके घर के दरवाजे पर ही मोटर साइकिल सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। हेमंत गोनपुरा मुखिया आभा देवी के भाई थे। कुछ दिन पूर्व भी हेमंत पर जानलेवा हमला हुआ था। आरोपित संतोष उर्फ संटू की पत्नी को थाने लाकर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
बताया जाता है कि हेमंत सुबह टहलने जाने के लिए घर से निकले थे। वे जैसे ही अपने घर के गेट पर पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी सीने पर तीन गोलियां दाग दीं। घटना को अंजाम देकर आरोपित भाग निकले। मामले में यह भी बात सामने आ रही है कि हेमंत ने संटू को कुछ पैसे उधार दिए थे। इसको लेकर भी दोनों में काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
पहले भी किया गया था हमला, पुलिस ने गंम्भीरता से नही लिया :
हेमंत का कुछ लोगों से पहले भी विवाद चल रहा था। 25 दिन पूर्व भी उनपर हमला किया गया था, लेकिन बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी में वे बाल-बाल बच गए थे। घटना में गांव के ही संटू और मंटू नामक युवकों के खिलाफ जानीपुर थाने में शिकायत की गई थी। शुक्रवार को हुई घटना के बाद इलाके के लोगों ने पुलिस पर पहले हुई घटना में कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर बवाल शुरू कर दिया। इलाके के लोगों का कहना था कि पुलिस की शिथिलता के कारण बेखौफ अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। हेमंत की दो बेटियां हैं। पति की मौत के बाद पत्नी अनीता का रो-रो कर बुरा हाल है।
बहन है मुखिया और बड़ी बेटी की होनी वाली थी शादी:
मृतक बबलू सिंह की बहन आभा देवी गोनपुरा पंचायत की मुखिया सह योजना समिति सदस्य है। बबलू दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा है। छोटा भाई पवन भी गांव में ही रहता है। एक बहन आभा देवी का ससुराल गोनपुरा पंचायत के बभनपुरा में है। जबकि दूसरी बहन बिहटा गोढ़न की पूर्व वार्ड सदस्य थी।
प्रॉपट्री डीलर हेमंत कुमार उर्फ बबलू को दो बेटी ही है। जिसमें बड़ी सोनल व दूसरी बेटी का नाम छोटी है। बड़ी पुत्री सोनल की शादी की बात लगभग तय हो गई थी। बस शादी की तिथि रखनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी।
पिता की अर्थी छोड़कर हत्या करने गए थे आरोपित
आरोपित संटू के पिता महानंद सिंह की गुरुवार की रात मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपित के घर के सभी पुरुष फरार हैं। महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पिछले 24 घंटे से महानंद का शव घर में ही पड़ा हुआ है। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद ग्रामीण भी गुस्से में हैं।.
No comments:
Post a Comment