By: बिहार न्यूज़ टीम
पटना| नवादा में राजद के जिला महासचिव कैलाश पासवान का अपहरण कर हत्या कर दी गई। उनकी सिरकटी लाश नालंदा जिले के खुदागंज थाने के माढ़ीसाल गांव के पास पैमार नदी में बरामद की गई है। वह छह जुलाई की रात से नवादा से लापता थे। उनकी लाश की पहचान सोमवार की देर रात 11 बजे नालंदा सदर अस्पताल पहुंचकर बेटे समेत अन्य परिजनों ने की।
इससे पूर्व लाश मिलने की सूचना पर उनके परिजन व राजद के रजौली विधायक प्रकाशवीर, जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, अनिल मेहता, जिला पार्षद अशोक यादव समेत कई वरीय नेता व कार्यकर्ताओं का हुजूम खुदागंज रवाना हो गया। टाउन इंस्पेक्टर अंजनी कुमार ने बताया कि सात जुलाई को एक सिरकटी अज्ञात लाश माढ़ीसाल गांव के समीप से बरामद की गयी थी। लाश को हास्पिटल में सुरक्षित रखा गया था। इसकी सूचना हमें मिली थी। इससे पहले दो दिन तलाशने के बाद भी नहीं पता चलने पर सोमवार को उनके बेटे संजय कुमार ने पिता को अगवा करने की प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करायी।
छह जुलाई को हुआ था विवाद
55 वर्षीय कैलाश पासवान नवादा के बुधौल स्थित चमड़ा गोदाम के निवासी हैं। उनके बेटे का आरोप है कि छह जुलाई की रात आठ बजे नारदीगंज थाने के बुच्ची गांव का छोटू गुप्ता उनके घर आया और पिता को पंचायती कराने के लिए बोलेरो से लेकर चला गया। छोटू का उसके गांव के ही राधे साव से विवाद चल रहा था। उसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं चला। काफी खोजबीन की गयी, परंतु पिता और छोटू में से किसी का पता नहीं चल सका। छोटू गुप्ता की पत्नी खुशबू कुमारी नारदीगंज प्रखंड की ननौरा पंचायत की पंचायत समिति सदस्य हैं।
छोटू पर अगवा करने का आरोप
संजय ने प्राथमिकी में छोटू गुप्ता व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उसके पिता को अगवा करने का आरोप लगाया है। इधर, राजद नेता सह जिला पार्षद अशोक यादव ने बताया कि कैलाश पासवान पार्टी के जिला महासचिव हैं। छह जुलाई की रात वह छोटू गुप्ता को लेकर पंचायती के लिए आये थे। अगले दिन पंचायती की बात तय हुई, पर दोनों में से कोई नहीं पहुंचा।
पड़ोसी महिला पर भी शक
अगवा राजद नेता के बेटे ने घर के पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर भी उसके पिता को अगवा करने का शक जाहिर किया है। उसने कहा कि कुछ दिन पूर्व घर बनाने को लेकर पड़ोस की महिला किरण देवी से उसके पिता का विवाद हुआ था। किरण देवी ने उस वक्त उसके पिता को जान से मरवा देने की धमकी दी थी। बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी एस हरि प्रसाथ ने कहा कि सभी बिन्दुओं पर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
No comments:
Post a Comment