: बिहार न्यूज़ टीम
पटना। कोतवाली थाने की पुलिस ने यात्रियों को शराब और लड़की के बहाने फंसाने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। महिला और उसके साथी लूटपाट करने के बाद यात्रियों के मुंह में जबरन शराब डाल देते थे, ताकि वे नशे में पकड़े जाने के डर से पुलिस के पास नहीं जा सकें।
लेकिन, दर्जी का काम करने वाले चंदन शर्मा ने हिम्मत दिखाई और पुलिस के पास शिकायत करने पहुंच गया। पुलिस ने उसकी बात पर यकीन करते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके कारण आरोपित महिला गिरफ्त में आ गई।
हालांकि, उसके तीन साथी भागने में कामयाब रहे। थाने में आने के बाद महिला ने खूब हंगामा किया, पर उसकी एक नहीं चली। थानाध्यक्ष रामशंकर सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी चल रही है।
पटना जंक्शन के बाहर युवकों ने लिया घेर
नवादा का रहने वाला चंदन शर्मा मुंबई में दर्जी का काम करता है। वह सोमवार को राजगीर से ट्रेन से रात आठ बजे पटना पहुंचा। रात 11 बजे उसे ट्रेन से मुंबई जाना था। समय काटने के लिए वह पटना जंक्शन से बाहर निकला तो तीन युवकों ने उसे घेर लिया। वे दबाव बनाकर चंदन को बुद्ध मार्ग में अशोक सिनेमा के पास एक झोपड़ी में लेकर गए। वहां एक महिला और दो छोटे बच्चे थे। महिला और उन युवकों ने मिलकर चंदन के पास से बैग व दो हजार नकदी लूट ली। इसके बाद उसके मुंह में जबरदस्ती शराब डाल दी। कुछ शराब कपड़ों पर भी छिड़क दी। शराब की घूंट अंदर जाते ही चंदन उल्टी करने लगा।
महिला ने उससे कहा कि बिना कुछ बोले चले जाओ, वरना पुलिस के पास गए तो शराब पीने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिए जाओगे। बावजूद इसके चंदन हिम्मत जुटाकर कोतवाली पहुंचा और आपबीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया।
No comments:
Post a Comment