By, बिहार न्यूज़ टीम
भागलपुर : जिले के कुख्यात सत्तन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार के इनामी को झारखंड के गोड्डा जिला स्थित पथरगामा के लखनपहाड़ी में छापेमारी कर दबोचा गया। एसएसपी आशीष भारती ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सत्तन की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर टीकर के रहने वाले सत्तन यादव की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। इसपर नाथनगर और अन्य थानों में लगभग 18 केस केस दर्ज हैं। इसमें व्यवसायियों से रंगदारी मांगना, हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले हैं। सत्तन यादव पर 2008 में तत्कालीन राजद जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत यादव की हत्या का आरोप लगा था। राजद जिलाध्यक्ष सीटीएस में हो रहे अंग महोत्सव में भाग लेने के लिए जा रहे थे तभी उन्हें गोली मार दी गयी। लक्ष्मीकांत यादव के भाई मनोहर यादव की हत्या 2004 में हुई थी। मनोहर हत्याकांड में भी सत्तन का नाम सामने आया था। जिला राजद अध्यक्ष इस मामले में मुख्य गवाह थे।
बनाई गयी थी पुलिस की स्पेशल टीम
सत्तन की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी आशीष भारती ने सिटी डीएसपी राजवंश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बनायी थी। बरारी थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष संतोष शर्मा को इसमें शामिल किया गया था। डीआईयू कर्मी राकेश कुमार ने टीम को तकनीकी सहयोग दिया जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।
No comments:
Post a Comment