By:बिहार न्यूज़ टीम
पटना सिटी : बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक लॉज में छात्र से चाकू के बल पर सामूहिक छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि मनचले ने सड़क से गुजर रही लड़की को चाकू के बल पर उठाया और लॉज के कमरे में लाकर दोस्तों के साथ मिलकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर छात्र को पीटा और फिर सड़क पर लाकर छोड़ दिया। वारदात 26 जुलाई की सुबह 11 बजे की है।
पीड़ित परिवार के थाने पहुंचने के बाद सोमवार को मामला प्रकाश में आया। पीड़ित छात्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिटी एसपी (पूर्वी) राजेंद्र कुमार भील ने थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं। मुख्य आरोपित की पहचान रोहतास जिले के राजपुर थानान्तर्गत बिसेनीकला निवासी उदय तिवारी उर्फ कमलेश तिवारी के बेटे अजीत तिवारी के रूप में हुई है। आरोपित फरार हो गया। सिटी एसपी ने बताया कि विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
भय के साए में जी रहा परिवार: पीड़ित छात्र बहादुरपुर इलाके में स्थित लॉज के सामने ही मां और बहन के साथ रहती है। उसके पिता झारखंड में केंद्रीय सेवा में हैं। बेटियों की पढ़ाई के कारण अकेली रह रही मां ने अनहोनी की आशंका जताई है। इस घटना के बाद से पूरा परिवार भय के साए में जी रहा है। उसकी मां का कहना है कि अजीत और उसके दोस्त आए दिन रास्ते से गुजरने वाली लड़कियों को छेड़ते हैं। उनके खौफ के कारण कोई आवाज नहीं उठाना चाहता।
सहेलियां आईं थी घर छोड़ने: छात्र की मां ने बताया कि लॉज के लड़कों ने विरोध करने पर पिटाई की थी। इसके बाद उनकी बेटी को सड़क पर छोड़ दिया तो वह कोचिंग चली गई। वहां वह काफी रो रही थी। उसे डर था कि लौटते वक्त वे लड़के उसके साथ जरूर कुछ बुरा करेंगे। यह बात जब उसने सहेलियों को बताई तो दो लड़कियां उसे घर तक पहुंचाने के लिए आई थी।
No comments:
Post a Comment