By: बिहार न्यूज़ टीम
पटना: बाइकर्स गैंग के बीच गुरुवार को भिड़ंत होने से दहशत फैल गई। दिन के 2 से 2.30 बजे के बीच दर्जनों राउंड फायरिंग हुई। चार लड़कों को गोली लगी। किसी को सीने में तो किसी को हाथ, पेट व पीठ में। घायल हुए ये लड़के फिल्मी स्टाइल में अपनी बाइक से ही अस्पताल पहुंचे। सभी का इलाज किया जा रहा है। यह घटना रूपसपुर से दीघा के रास्ते में नहर के समीप हुई। यह इलाका रूपसपुर थाना अंतर्गतआता है। .
पुलिस के अनुसार, 12वीं कक्षा के स्कूली छात्रों की लड़ाई में बाइकर्स गैंग ‘माइंस' और ‘किंग्स ऑफ पटना' के बदमाश भिड़ गए। जिन चार लड़कों को गोली लगी है उनमें 12वीं का एक छात्र भी है। शेष तीन घायल नेहरूनगर का शुभंकर, पुनाईचक के अभिषेक और पीयूष ‘किंग्स ऑफ पटना' गैंग के सदस्य हैं। पीयूष की हालत खराब है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं शुभांकर पर कुछ दिनों पहले ही सहदेव महतो मार्ग में हमला हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लिया। इधर, पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा, एक गोली और एक मैग्जीन बरामद किया है। .
एकाएक बाइक से आये और बरसाने लगे गोलियां : शुभंकर, अभिषेक और पीयूष बेली रोड स्थित दोस्त के घर गये थे। वहां से निकलने के बाद सभी ने गोला रोड रामजयपाल नगर के समीप लिट्टी खायी और सिगरेट पी। इसके बाद सभी आगे बढ़े। तभी सात-आठ बाइक पर सवार माइंस गैंग के बदमाश उनका पीछा करने लगे। इस गैंग का सरगना खुशबू सिंह, निशू खान, आयुष, देव, प्रतीक और अन्य बदमाशों ने इनकी बाइक ओवरटेक कर रोक ली और गोलियां बरसाने लगे। .
बाइकर्स गैंग के सरगनाओं की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वर्चस्व की लड़ाई में दोनों बाइकर्स ग्रुप भिड़े हैं। कइयों के नाम सामने आये हैं जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा। -मनु महाराज, एसएसपी.
No comments:
Post a Comment