: बिहार न्यूज़ टीम
आरा/जगदीशपुर | भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बिमवा गांव में चोरी की घटना से लोग काफी आक्रोश में थे। लोग चोरी में पकड़े गये युवकों को मौके पर सजा देने पर अड़ गये थे। इसी चक्कर में चारों की बेरहमी से पिटाई की जा रही थी। .
तब तक पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने चोरों को कब्जे में ले लिया। इस पर नाराज लोग पुलिस से चोरों को छीनने का प्रयास कर रहे थे। इसे लेकर पुलिस व लोगों के बीच झड़प हो गयी। गुस्साये लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें दारोगा निकुंज भूषण प्रसाद, चालक नंदलाल, महिला सिपाही रौशनी कुमार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी चोटिल हो गये। इस मामले में पुलिस ने पूर्व विधायक भाई दिनेश की गाड़ी जब्त कर ली और चालक सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी मंजीत कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक के चालक की इस घटना में संलिप्तता सामने आयी है। वह लोगों को उकसा रहा था। पूर्व विधायक की गाड़ी से लोगों को लाया जा रहा था। इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया। .
पुलिस के लेट से पहुंचने पर गुस्साए लोग : बुधवार की सुबह चोरी की सूचना पर बिमवा पंचायत के मुखिया मदन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। लोगों का कहना है कि सूचना के बावजूद पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीण खुद चोरों की खोज में जुट गये। .
इस दौरान बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के घुसिया ( कानाडीह), निवासी का रघु कुमार, अमर कुमार, पवन कुमार व दिलीप खरवार को पकड़ लिया। इसके बाद चारों की पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों की मानें तो चारों ने चोरी की बात भी स्वीकार कर ली। हालांकि थानाध्यक्ष अरविंद कुमार का कहना है कि चोरी की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस पहुंच गयी थी और छानबीन कर लौट गयी थी। तभी चोरी के आरोप में चार लोगों की पिटाई की सूचना मिली।
एएसपी मंजीत कुमार ने बताया कि भीड़ चोरी के आरोप में पकड़े गये युवकों की पिटाई कर रही थी। पुलिस बचाने गयी, तो हमला कर दिया गया। इस मामले में एक युवक को पकड़ा गया है। हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। चोरों से भी पूछताछ कर चोरी की घटना की जानकारी ली जा रही है।
No comments:
Post a Comment