By: बिहार न्यूज़ टीम
03 बजे दोपहर में प्रखंड कार्यालय परिसर में मारी गोली और 07 लोगों को गोली लगी समर्थकों व पुलिस की फायरिंग में
जन्दाहा, हाजीपुर| नवनिर्वाचित जंदाहा के प्रखंड प्रमुख मनीष कुमार सहनी की सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे अपराधियों ने प्रखंड कार्यालय परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी। प्रमुख बीडीओ राहुल कुमार के सरकारी वाहन से कहीं से लौटे थे। वाहन से उतरकर वे अपने चैंबर में जा रहे थे। इसी बीच घात लगाए अपराधियों ने उनके सीने में दो गोली मारी और बाइक से फरार हो गए। .
प्रमुख की हत्या के बाद समर्थकों ने भारी उपद्रव किया। थाने में आग लगाई, ब्लॉक कार्यालय में तोड़फोड़ की, फाइलों को भी फेंक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई। इसमें सात लोगों को गोली लगी। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य छह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। अपराधियों की गोली से घायल प्रमुख को स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। समर्थक उन्हें लेकर हाजीपुर के गणपति अस्पताल में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रमुख को मृत घोषित कर दिया। .
प्रमुख की हत्या की खबर जिले में आग की तरह फैल गई। आक्रोशित समर्थकों ने पूरे जंदाहा बाजार में जगह-जगह टायर जलाकर रास्तों को जाम कर दिया। ब्लॉक में जमकर तोड़फोड़ की। बीडीओ के चैंबर में भी तोड़फोड़ की। .
बेकाबू भीड़ को थाने की ओर बढ़ता देख पुलिस ने हवाई फायरिंग शुरू की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच फायरिंग होने लगी। इसमें सात लोगों को गोली लगी। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद तीन को सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को पीएमसीएच भेजा गया। हालांकि गांधी सेतु जाम होने के कारण उन्हें वापस हाजीपुर सदर अस्पताल लौटना पड़ा। इस दौरान जंदाहा थाना क्षेत्र के दुलौर गांव के गुलशन कुमार की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने लगभग 100 राउंड फायरिंग की बात बताई है।
उपद्रवियों ने सरकारी संपत्ति को जलाने का प्रयास किया तब पुलिस को गोली चलानी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महुआ के एसडीओ को जंदाहा में तुरंत धारा 144 लागू करने आदेश दिया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी की टुकड़ी भी भेजी गई है।.
-राजीव रौशन, जिलाधिकारी, वैशाली.
No comments:
Post a Comment