: बिहार न्यूज़ टीम
संपत्ति विवाद में गईं जानें, कमिश्नर ने की थीं दो शादियां
पटना| संपत्ति विवाद में लघु सिंचाई विभाग के रिटायर्ड कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी स्वप्ना दास गुप्ता की अपराधियों ने गुरुवार की रात हत्या कर दी। 88 साल के हरेंद्र और 70 साल की स्वप्ना की हत्या उनके घर बुद्धा कॉलोनी के दुजराचक, मुर्गा फार्म गली स्थित बी-6 के प्रथम तल्ले के बेडरूम में हुई। हत्या के पीछे परिचितों का हाथ है। दोनों की हत्या गला दबाकर की गई। सिर व चेहरे पर भी जख्म के निशान थे। हरेंद्र ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी कंकड़बाग में रहती है। उनसे दो बेटे हैं। जबकि दूसरी पत्नी स्वप्ना से एक बेटा ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह और एक बेटी गेली है। ब्रजेंद्र दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं जबकि बेटी आॅस्ट्रेलिया में रहती है। सात दिन पहले बेटी पटना से गई थी।
दंपती ने देखभाल और घर का काम करने के लिए चालक बहादुर, केयरटेकर शोएब, दो दाई गुलशन व गीता को रखा था। गुलशन, केयरटेकर की पत्नी है। चारों 25 साल से यहां काम काम करते थे। दंपती के मकान में 54 किराएदार रहते हैं। पटना में करोड़ों की संपत्ति है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी, सिटी एसपी पहुंचे और छानबीन की। पुलिस ने शोएब से पूछताछ की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। घर में सभी सामान सुरक्षित मिले।
रात आठ से नौ बजे की बीच हुई घटना : शोएब ने बताया कि वह आठ बजे ड्रेसिंग कर नीचे आ गए। वहीं उसकी पत्नी गुलशन का कहना है कि रात नौ बजे वह कमरे में गई तो दोनों को बेडरूम में फर्श पर पड़ा देखा। तब लोगों को जानकारी दी। इसका मतलब है कि घटना रात आठ से नौ बजे की बीच की है। एसएसपी ने बताया कि उनके घर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है।
रात में खाना बनाने दाई आई तो हुआ खुलासा
दाई गुलशन ने बताया कि वह रात में खाना बनाने गई थी। ऊपर जाकर आवाज लगाई पर कोई नहीं दिखा। नीचे आई और लोगों को जानकारी दी। टीवी चल रहा था। बाद में अन्य लोग भी वहां पहुंचे तो देखा कि आखिर वाले बेडरूम में दोनों फर्श पर पड़े थे। यह देख चिल्लाने लगी।
नौकर, ड्राइवर और कई कर्मी हिरासत में
पुलिस टीम ने नौकरानी गुलशन आरा, उसके पति और मकान के केयरटेकर शोएब, ड्राइवर बहादुर और दायी गीता देवी को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों का बयान अलग-अलग कमरे में लिया जा रहा है। शोएब और उसकी पत्नी वृद्ध दंपती के साथ 20 वर्षों से रह रहे हैं। सभी कर्मी इसी मकान में रहते हैं।
एसएसपी बोले-हत्या करने वाले परिचित हैं
एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि दोनों की हत्या हुई है। हत्या करने वाला इसी कैंपस मेंं रहने वाला कोई है। प्रथम दृष्टया संपत्ति विवाद हत्या की वजह लग रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
No comments:
Post a Comment