: बिहार न्यूज़ टीम
गुजरात के साबरकांठा जिले में 14 माह की मासूम से बलात्कार की घटना के बाद गैर गुजरातियों, खासकर बिहार-यूपी के लोगों पर एक बार फिर हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रविवार को वघोड़िया इंडस्ट्रियल एरिया की दो इंजीनियरिंग कंपनियों में काम कर रहे गैर गुजरातियों पर कोटांबी और कामरोल गांव के 17 लोगों ने हमला बोल दिया। वहीं न्यू रानिप इलाके से भी झड़प की सूचना सामने आई है।.
इस मामले में गुजरात के विभिन्न हिस्सों से पुलिस ने 342 लोगों को गिरफ्तार किया है। गत 28 सितम्बर को एक बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार के मामले में बिहार के एक निवासी को गिरफ्तार किए जाने के बाद गैर गुजरातियों को निशाना बनाया गया था। सोशल मीडिया पर भी घृणा के संदेश फैलाए गए। राज्य के कई हिस्सों में उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। .
पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने पत्रकारों को बताया, ‘मुख्य रूप से छह जिले (हिंसा से) प्रभावित हुए हैं। मेहसाणा और साबरकांठा सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। इन जिलों में 42 मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक 342 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान आरोपितों के नाम सामने आने के बाद और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राज्य रिजर्व पुलिस की 17 कंपनियों को तैनात किया गया है। गैर गुजरातियों के निवास क्षेत्रों और उन कारखानों में, जहां वे काम करते हैं, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आने वाले त्योहारों के मद्देनजर वे अपने मूल राज्यों के लिए रवाना हो सकते हैं।.
सीवान के महाराजगंज प्रखंड के कई मजदूर गुजरात में फंस गए हैं। मुखिया ने बताया कि हिंसा के बाद सभी लोग काफी दहशत में हैं। किसी तरह चोरी छिपे फोन पर घटना की जानकारी दी है।
ये भी पढ़े_
No comments:
Post a Comment