: बिहार न्यूज़ टीम
मधेपुरा | ग्वालपाड़ा में अरार ओपी क्षेत्र के चतरा गांव में शनिवार की सुबह पुआल रखने को लेकर हुए विवाद में रतन यादव (40) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी। रतन चतरा पुल के समीप किराना दुकान चलाकर जीवनयापन करता था।
घटना में गांव के ही दो सगे भाइयों ओम यादव और शिवशंकर यादव को आरोपित किया गया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी रिंकू देवी का बयान दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया गया। घटना के बाद से दोनों आरोपी घर छोड़ कर फरार हैं। पुलिस ने आरोपी की मां श्यामला देवी को हिरासत में लिया है।
मृतक के परिजनों के मुताबिक दोनों आरोपित रतन की दुकान से सटाकर पुआल रख रहे थे। रतन ने इस पर आपत्ति जतायी। इसी बात को लेकर विवाद होने पर दोनों भाइयों ने रतन यादव के सीने में गोली मार दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। घटना के बाद दोनों भाग निकले। रतन दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
एसडीओ एसजेड हसन ने घटना के बाद चतरा गांव जाकर मृतक की पत्नी रिंकू देवी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार का चेक और कबीर अंत्येष्टि योजना से 3 हजार की नगद राशि उपलब्ध करा दिया।
उन्होंने मृतक की पत्नी को लक्ष्मीबाई पेंशन योजना का लाभ देने के लिए बीडीओ अमित कुमार को आवेदन भेज दिया। घटना के बाद एसडीपीओ सीपी यादव ने मौके पर जाकर छानबीन की। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment